थक गया हूँ ओ हमराही.......

 थक गया हूँ ओ हमराही.......

 महत्वाकांक्षाओं का कभी कोई ओर-छोर नहीं होता, प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में ज्यादा से ज्यादा पाना चाहता है। किंतु, कभी-कभी ऐसी स्थितियाँ भी बनती है जहाँ वो अपनी इच्छाओं के दायरे को समेटने की सोचता ही है, उस परिस्थिति में अपने साथी/जीवनसाथी से अपने मन की बात व्यक्त करती कविता....

 क्या होना था? वही हो गया,

जिसका था आरंभ से डर,

साहिल का नहीं कोई निशां,

नाव हुई अपनी जर्जर,

मंजिल की आ छोड़ें जिद,

आओ यहीं बना लें घर।

थक गया हूँ ओ हमराही,

आओ राह में कर लें बसर।

 

बचपन बीता, ढ़ल गया यौवन,

उम्र यूं बीती झर-झर,

सिहर जाता हूँ मैं अक्सर,

चिंताओं के आगोश में डर,

कब होगी बता अपनी मर्जी,

जिएंगे कब जीवन मन-भर,

थक गया हूँ.......

 

चले जा रहे कब से हम,

जिम्मेदारियों तले दबकर,

कब उतरेगा बता ये बोझ,

कब चलेंगे हम तन कर,

बड़ी कठिन है ये पहेली,

कुछ तो तू भी हल कर,

थक गया हूँ.......

 

औरों के सपने जीते-जीते,

अपने ख़्वाबों के कतरे पर,

न आया वो सुकूँ, न करार,

इच्छाएँ भी गई हैं मर,

जाने कब लौटेगा सावन,

पतझड़ ये हुई दुष्कर,

थक गया हूँ.......

 

हक़ीक़त की पगडंडी कच्ची,

कांटे यूं चुभे पग पर,

उबड़-खाबड़ है पथरीली,

आगे की भी देख डगर,

आओ डेरा यहीं बना लें,

आगे क्यूँ देना पथ-कर,

थक गया हूँ.......

 

हालातों पर भला क्यूँ रोएँ,

चल थोड़े में कर लें गुजर,

माना ये राह नहीं आसाँ,

पर चल, एक कोशिश तो कर,

है धूप में आज बड़ी तपिश,

आ ढूँढे छांव का यहीं शजर,

थक गया हूँ.......

 

ना-तवाँ हो रहा हूँ मगर,

साथ हमनवाँ है तू अगर,

कट जाएगा रफ़्ता-रफ़्ता,

ये सफर भी ओ हमसफर,

तब तक आ ढूँढे जहान में,

उम्मीदों का वो माकूल शहर,

थक गया हूँ ओ हमराही,

आओ राह में कर लें बसर। 

 

-‘कुँवर’ जयपाल सिंह शेखावत

(शजर: पेड़, ना-तवाँ -  नाउम्मीद)

टिप्पणियाँ