भारतीय गीतकारी का नया अर्श : मनोज ‘मुन्तशिर’
क्या
आपने कभी सोचा है कि एक अच्छे अभिनेता और गीतकार की पैमाइश क्या होती है? यह कि वो उन भावों को भी अपने चेहरे और कागज पर उतारने
में सफल हो जाते हैं जो उनके भीतर शायद न भी हों। भारतीय फिल्म जगत के ख्यातनाम गीतकारों
की सूची में ऐसे ही कई नाम हैं जिन्होंने अपनी लेखनी से हजारों गीतों को शब्द दिए हैं
और करोड़ों दिलों ने जिनके लिखे गीतों को गुनगुनाया है। गीतकार सलीम, जावेद-अख्तर, प्रसून जोशी, इरशाद कामिल जैसे कुछ ऐसे ही नाम हैं जिन्होंने शब्दों
की बाजीगरी के बल पर इस सितारा जगत में अपना अलग वजूद बनाया है और बरसों तलक ये भारतीय
फिल्म उद्योग के फ़लक पर छाए रहे हैं। लेकिन, पिछले कुछ सालों में जिस एक गीतकार ने चालू
टाइप फिल्मी गीतों से अलग अपनी एक अलहदा गीत-शैली से सबको अपना मुरीद बना लिया है, जिसका लिखा हर एक नया गीत श्रोताओं की जुबां पर चढ़ जाता
है, युवा गीतकारों की फेहरिस्त में आज के दौर
में सबसे ऊपर जिसका नाम आता है, वो है मनोज मुन्तशिर।
मनोज
के गीतों की खासियत है उनका अंदाजे-बयां। वो बड़े ही सादगी भरे अल्फाजों से इतना कुछ
कह जाते हैं कि उनके गीत सीधा लबों से दिलों में उतर जाते हैं। इससे भी बड़ी बात यह
है कि वो गीत-लेखन की हर विधा में माहिर है, चाहे वो ‘तेरी
मिट्टी’ जैसा देशभक्ति का जज्बा जगाने वाला तराना
हो, “मैं फिर भी तुमको चाहूँगा” जैसी प्यार में
अंतहीन हद तक डूबे हुए प्रेमी की जिद हो या फिर “वो चाँद कहाँ से लाओगे” जैसी टूटे
हुए दिल से निकली कोई बददुआ हो, मनोज वाकई गीतकारी के हर फ़न के मौला हैं।
जब बात वात्सल्य की आती है तो “माँ” पर लिखी उसकी इन नायाब पंक्तियों की खूबसूरती देखिए
:
“खुदा ने जब पहली बार मां को बनाया,
फिर वह बहुत पछताया,
क्योंकि खुदा का काम था मोहब्बत,
वह मां करने लगी।
खुदा का काम था हिफाजत,
वह मां करने लगी,
और खुदा का काम था बरकत,
वह भी मां करने लगी।
देखते ही देखते उसके सामने कोई और
परवरदिगार हो गया,
वो बहुत मायूस हुआ,
बहुत रोया,
क्योंकि मां को बनाकर खुदा बेरोजगार हो गया”
मनोज
के लिखे गीतों की सबसे बड़ी बात है उनमें उर्दू से ज्यादा हिन्दी के शब्दों का इस्तेमाल।
हाल के दौरान में इरशाद कामिल जैसे काबिल गीतकार भी हुए हैं जिन्होंने उर्दू के जादुई
अल्फाजों की बदौलत ऐसे-ऐसे नगमे लिख डाले हैं जिनके एक-एक शब्द ऐसे है जैसे गहरे समुद्र
से बेशकीमती मोती ढूँढ कर लाए गए हों। लेकिन इन नगमों की गहराई वही समझ सकता है जिसे
उर्दू शब्दावली का ज्ञान हो या साहित्य जिनकी रगों में लहू बनकर बहता हो, जिन्हें समझना आम श्रोता के बस का नहीं। किन्तु मुंतशिर
की तो शैली ही ऐसी है कि उसके गीत आम से लेकर खास तक, फूटपाथ से लेकर कोठी तक सबके दिल में आसानी से उतर जाते
हैं, उन्हें सुनकर लगता है जैसे ये गीत उन्हीं
की कहानी बयां कर रहे हों। फिल्म धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी का “कौन तुझे यूं प्यार करेगा”
गीत उसी की बानगी है। मैंने यहाँ जानबूझकर ‘सुनकर’
शब्द का इस्तेमाल किया है जबकि मुझे मालूम है कि ये गीत मनोज द्वारा लिखे गए हैं, गाये नहीं गए। किन्तु,
ये एक ज़हीन लेखक की छाप ही है कि अब जब भी हम कोई नया गीत सुनते हैं तो उनके द्वारा
लिखे गए गीत की पहचान अपने आप हो जाती है। जब आप लेखक का नाम पता करते हैं तो नाम ‘मुंतशिर’ आता है। इसीलिए तो जब गीतकार मनोज अपने हालिया
गाने “वो चाँद कहाँ से लाओगी” के आखिर में कहते हैं कि, “सिर्फ मेरा टूटना काफी नहीं है, तुमको भी तो मुन्तशिर होना पड़ेगा”, संदर्भ भले ही अलग हो लेकिन जब भी हम मनोज को पढ़ते और
सुनते हैं, तो लगता है उसके शब्दों की गहराई को समझने
के लिए ‘मुन्तशिर” होना वाकई एक अहम ‘शर्त’ है।
-‘कुँवर’
-कुँवर
जयपाल सिंह शेखावत
9950393161
Wah
जवाब देंहटाएंBhut khub
जवाब देंहटाएंVery well written...Jaypal Ji.
जवाब देंहटाएंKeep writing....explore urself to a new dimension.
Informative and beautifully crafted. Keep writing. All the best wishes.
जवाब देंहटाएंआप सभी का दिल से धन्यवाद
जवाब देंहटाएं